लव जेहाद का मुख्य आरोपी शेख साहिल
- फोटो : अमर उजाला
सुगौली थाना क्षेत्र के बहुचर्चित ‘लव जिहाद’ मामले (कांड संख्या 175/26) में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी शेख साहिल को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, जिस युवती को लेकर पूरा विवाद खड़ा हुआ था, उसे भी आरोपी के साथ बरामद किया गया है। यह मामला कथित तौर पर ‘लव जिहाद’ से जुड़ा होने के कारण पिछले कई दिनों से जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ था। विभिन्न संगठनों द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी थी।
पहले एक अन्य आरोपी भी जा चुका है जेल
इससे पहले इसी कांड में नामजद एक अन्य आरोपी साहेब मियां को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी शेख साहिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी और आखिरकार छत्तीसगढ़ में उसे पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस का सहयोग लिया गया। संयुक्त अभियान के तहत आरोपी और युवती दोनों को बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुगौली पुलिस टीम जल्द ही छत्तीसगढ़ रवाना होगी और आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मोतिहारी लाया जाएगा।
ये भी पढ़ें:
जमुई में भीषण सड़क हादसा; दूध गाड़ी और हाईवा की टक्कर, 30 मिनट तक केबिन में फंसा रहा चालक
युवती को सुरक्षित लाकर आगे की होगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि युवती को भी सुरक्षित तरीके से वापस लाया जाएगा और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बीते महीने सुगौली थाना क्षेत्र के रहने वाले शेख साहिल अपने ही गांव की एक लड़की को लेकर फरार हो गया था। इसके बाद लड़की के पिता ने सुगौली थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है और ब्रेनवॉश कर शादी के लिए बहला-फुसलाकर उसे घर से ले जाया गया है।
इस घटना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए मुख्य आरोपी शेख साहिल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। लगातार दबाव के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।