वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेफ्टी टैंक साफ करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से सात लोग बेहोश हो गए। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों की पहचान आनंद, पंकज, राहुल और प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। घायलों में अजय कुमार, पिता कृष्ण मोहन साह; सुजीत कुमार, पिता राम नारायण साह; और दुर्गेश कुमार, पिता पंकज कुमार शामिल हैं।
रेस्क्यू के बाद अस्पताल भेजे गए सभी लोग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी लोगों को सेफ्टी टैंक से बाहर निकाला गया। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम और सदर टू डीएसपी गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया गया कि इस हादसे में एक ही परिवार के लोग शामिल थे। मरने वालों में तीन भाई और एक भतीजा शामिल हैं।
शादी के बाद चल रही थी सफाई
जानकारी के अनुसार, मृतक राहुल की शादी 24 फरवरी को हुई थी। शादी समारोह के कारण सभी लोग एक ही घर में इकट्ठा हुए थे। शादी खत्म होने के बाद घर में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सेफ्टी टैंक में पानी भर गया था, जिसे निकाला जा रहा था। फर्श पर पानी होने के कारण एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह सेफ्टी टैंक में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक के बाद एक तीन लोग टैंक में उतरे और चारों की मौत हो गई। सदर टू डीएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि कुल सात लोग बेहोश हुए थे। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन लोगों का इलाज जारी है।