मोतिहारी जिले के घोड़ासहन-कुंडवा चैनपुर रेलखंड पर कर्मभूमि सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी, जिससे ट्रेन के इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और लोको पायलट को हल्की चोट आई।
रक्सौल-दरभंगा रेलखंड पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घोड़ासहन और कुंडवा चैनपुर स्टेशन के बीच जगीरहा कोठी गांव के पास शरारती तत्वों ने रक्सौल से लोकमान्य तिलक जा रही 12545 कर्मभूमि सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में ट्रेन के इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और लोको पायलट को हल्की चोट लगने की सूचना है।
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया। रक्सौल और घोड़ासहन आरपीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए छह किशोरों को निरुद्ध किया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए छह किशोरों में से पांच पत्थरबाजी में शामिल थे, जबकि एक रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में घूम रहा था। सभी आरोपी कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के अररिया गांव के निवासी हैं। मामले में कांड संख्या दर्ज कर आरोपियों से आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें बेतिया न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से रेलवे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।