फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: पेट्रोल पंप कर्मी की सड़क दुर्घटना में मौत, परिजनों ने आगजनी और यातायात ठप कर किया हंगामा

Mon, 23 Dec 2024 05:26 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाजीपुर

सार

Hajipur News: हाजीपुर में ड्यूटी से घर लौट रहे पेट्रोल पंप कर्मी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसे लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गई।
विज्ञापन
सड़क जाम कर प्रदर्शन करते मृतक के परिजन और ग्रामीण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के नखास चौक पर रविवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में पेट्रोल पंप कर्मी की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने गांधी चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया, आगजनी की और सड़क जाम कर दी। इस विरोध प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

विज्ञापन

 
सड़क दुर्घटना में पेट्रोल पंप कर्मी की मौत
जानकारी के मुताबिक, रविंद्र कुमार (27) वर्मा सेल पेट्रोल पंप पर नोजल मैन के रूप में काम करते थे। वह रविवार की रात ड्यूटी के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नखास चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इसके बाद रविंद्र कुमार को तुरंत सदर अस्पताल, हाजीपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविंद्र कुमार बिदुपुर थाना क्षेत्र के नवांनगर गांव में रहते थे। उनकी शादी दो साल पहले हुई थी और उनके पीछे उनकी पत्नी और एक साल की बेटी है।

विज्ञापन

 
गुस्साए लोगों ने गांधी चौक पर किया प्रदर्शन
दुर्घटना में मौत के बाद, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने गांधी चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी की, जिससे यातायात बाधित हो गया। दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
 
पुलिस प्रशासन ने स्थिति संभाली
सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। लगभग दो घंटे बाद यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।

विज्ञापन

 
इधर, रविंद्र कुमार की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह हाजीपुर के मछुआ टोली में किराए के मकान में रहते थे और पेट्रोल पंप पर काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असमय मृत्यु ने उनके परिवार को अनाथ कर दिया।
 
स्थानीय प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाजीपुर की सड़कों पर भारी वाहनों का अंधाधुंध परिचालन आम लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक और वाहन को जल्द ही पकड़ा जाएगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें