उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड में कृषि विभाग की जमीन पर भू माफियाओं द्वारा कोर्ट को गुमराह कर गलत तरीके से कागजात तैयार करने के मामले में जिला प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला अतिथि गृह में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डीएम सुब्रत सेन और एसएसपी सुशील कुमार को तुरंत दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। जांच के लिए एक सप्ताह का समय निर्धारित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि एनडीए सरकार भू माफियाओं के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी और उन्हें प्रदेश से उखाड़ फेंका जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डीसीएलआर और सीओ दाखिल खारिज की प्रक्रिया में कागजातों की पूरी जांच पड़ताल करें, ताकि किसी भी गलत कार्य को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: अब होली, दशहरा, छठ में बिहार आने में नहीं होगी परेशानी, सीएम नीतीश कुमार ने कर दिया यह काम
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कोर्ट को गुमराह कर कृषि विभाग की सरकारी जमीन पर कब्जे का प्रयास विफल किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर लोक याचिका दायर कर मामले को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा और कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सुशासन की सरकार में किसी भी तरह की गलत मानसिकता को पनपने नहीं दिया जाएगा और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।