विवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाया
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव में दहेज के लिए 20 वर्षीय विवाहिता की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले महिला पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जला दिया, फिर इलाज के बहाने जहर का इंजेक्शन देकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं साक्ष्य छिपाने के लिए ससुराल वालों ने शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश भी की। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी दो साल पहले पिरापुर निवासी रवि कुमार राय के साथ शादी हुई थी।
परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य था लेकिन बाद में ससुराल पक्ष सास, ससुर, देवर और ननद मनीषा कुमारी दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उसे जान से मारने और शव गायब करने की धमकी दी जाती थी।
ये भी पढ़ें: Bihar: मोतिहारी के मदरसे में पुलिस की बड़ी छापेमारी, पिस्टल समेत संदिग्ध सामान बरामद; क्या है PFI कनेक्शन?
मृतका के भाई रौशन कुमार और मां गुड़िया देवी ने आरोप लगाया कि 19 मार्च को दहेज के लिए मारपीट के दौरान बाइक से पेट्रोल निकालकर खुशबू को जला दिया गया। इसके बाद ससुराल वालों ने एक मनगढ़ंत कहानी बनाकर उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के नाम पर लाखों रुपये खर्च कराए गए। परिजनों का कहना है कि जब इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हुआ, तो ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत जहर का इंजेक्शन दिलवाकर उसकी हत्या कर दी।
रविवार को ससुराल पक्ष ने बिना मायके वालों को सूचना दिए पिरापुर स्थित गंडक नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस के पहुंचते ही पति समेत अन्य आरोपी अधजला शव छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना पर एसडीपीओ गोपाल मंडल और थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जलते शव को बुझाकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि विवाहिता को जलाकर मारने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना क्षेत्र में सनसनी फैलाने के साथ ही दहेज प्रथा की क्रूर सच्चाई को एक बार फिर उजागर करती है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।