मुजफ्फरपुर में मौसम ने बदली करवट
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर में मौसम ने आखिरकार करवट ले ली है। बीते चार दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शनिवार दोपहर राहत मिली। दोपहर करीब बारह बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही लोगों ने चैन की सांस ली और शहर का माहौल एकदम सुहावना हो गया।
यह भी पढ़ें- Voter Adhikar Yatra Live: ‘भाजपा की साजिश SIR कराने और बिहार के चुनाव भी चुराने की है’, बोले राहुल गांधी
आईएमडी और पूसा केंद्र की भविष्यवाणी हुई सही
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि 17 और 18 अगस्त को मानसून सक्रिय रहेगा और बारिश होने की संभावना है। वहीं पूसा स्थित राजेंद्र कृषि मौसम विज्ञान केंद्र ने भी बारिश और तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान लगाया था। आज हुई बारिश ने इन भविष्यवाणियों को सही साबित कर दिया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को तपिश और उमस से राहत मिली।
गर्मी और उमस से बेहाल थे लोग
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया था। सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया था और लोग घरों में भी बेचैनी महसूस कर रहे थे। स्थानीय निवासी राजीव कुमार ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही थी। दुकान तक जाने में भी परेशानी हो रही थी, लेकिन आज की बारिश ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया है।
किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बारिश से सबसे ज्यादा राहत किसानों को मिली है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों को फायदा होगा और बुआई का काम भी सुचारू रूप से हो सकेगा। किसान संजीव कुमार ने बताया कि बारिश न होने से किसान चिंतित थे, लेकिन आज की अच्छी बारिश से उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहेगा।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिजली के खंभे की चपेट में आने से इंटर की छात्रा की मौत; परिजनों का बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
शहरवासियों में खुशी और उमंग
बारिश के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इसका खूब आनंद लिया। जगह–जगह लोग बरसात में भीगते और राहत की सांस लेते दिखे। आम आदमी के चेहरे पर उमस से छुटकारा मिलने की मुस्कान लौट आई। कई लोगों ने कहा कि इस बारिश ने न केवल मौसम को खुशनुमा बना दिया है, बल्कि गर्मी से जूझ रहे शरीर को भी ठंडक पहुंचाई है।