वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र में ट्रांसजेंडर से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद की चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज किन्नर समाज ने समाहरणालय परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे किन्नरों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि 12 जून की रात करीब 8 बजे हाजीपुर के स्टेशन रोड पर बदमाशों ने एक ट्रांसजेंडर की कार को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के सात दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से किन्नर समाज में आक्रोश है। पीड़िता ट्रांसजेंडर सपना कुमारी ने सदर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार महुआ थाना क्षेत्र निवासी सपना कुमारी अपने चालक सौरभ कुमार के साथ एक्सयूवी कार से पटना से महुआ लौट रही थीं। इसी दौरान हाजीपुर स्टेशन रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने चलती कार के रेडिएटर की ओर कुछ फेंका।
ये भी पढ़ें: Bihar News: शराबबंदी कानून के बीच नशे में धुत मिला सरपंच, ब्रेथ एनालाइजर में हुई पुष्टि, उत्पाद विभाग ने किया गिरफ्तार
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर दूसरे व्यक्ति ने कार से धुआं निकलने की बात कहकर वाहन रुकवाया। इसके बाद सपना कुमारी और चालक कार से उतरकर जांच करने लगे। इसी दौरान बदमाश कार की बीच वाली सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार बैग में करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद रखे थे। बताया गया कि ये गहने और नकदी किन्नर समाज को विभिन्न कार्यक्रमों और शगुन के रूप में प्राप्त हुए थे।
घटना के बाद किन्नर समाज ने पहले सदर थाना पर भी विरोध जताया था। अब कार्रवाई में देरी से नाराज होकर समाज के लोग जिला मुख्यालय पहुंच गए हैं और धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घटना को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी। किन्नर समाज ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।