वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र अंतर्गत देशराजपुर स्थित बजरंगबली चौक के पास एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि नशा करने से रोकने पर कुछ युवकों ने 45 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित की पहचान गणेश राम के पुत्र धर्मेंद्र राम के रूप में हुई है।
धर्मेंद्र राम के अनुसार, उन्होंने गांव के कुछ युवकों को नशा करने से मना किया था, जिससे नाराज होकर युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 और महनार थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
आरोप है कि आरोपियों को पकड़ने के बजाय पुलिस धर्मेंद्र राम को ही अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गई। धर्मेंद्र का कहना है कि उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय करीब 5 किलोमीटर दूर महनार स्टेशन के पास घुमाया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं।
पढ़ें: बेगूसराय में STF और बदमाशों में मुठभेड़, एक घायल, चार गिरफ्तार; ज्वेलरी लूटकांड में बड़ी कार्रवाई
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनसे एक हजार रुपये की मांग की। नकद पैसे नहीं होने पर पुलिसकर्मियों ने एक दुकानदार के माध्यम से यूपीआई ट्रांजेक्शन कराकर नकद राशि ली। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। साथ ही धमकी दी गई कि भविष्य में नशा करने वालों की सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
जब पुलिस धर्मेंद्र राम को उनके घर छोड़ने पहुंची, तो आक्रोशित परिजनों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया और पुलिस को घेर लिया। कुछ लोग पुलिस वाहन के सामने लेट गए। बाद में महनार थाना के वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।