फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: 10वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, स्कूल परिसर में मिला शव; हाथ-पैर टूटे होने का आरोप

Thu, 15 Oct 2026 03:00 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली

सार

बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में 15 साल के छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। छात्र का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्कूल के सीढ़ी रूम के पास पड़ा मिला।
विज्ञापन
मृतक का फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। छात्र का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, विभूतिनगर के सीढ़ीघर के पास पड़ा मिला। मृतक की पहचान महिषौर थाना क्षेत्र के विभूतिनगर बंचर मारुई पंचायत निवासी सुरेंद्र पासवान के बेटे शिवम कुमार (15) के रूप में हुई है।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव, फिर मचा हड़कंप

विज्ञापन

गुरुवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर स्कूल परिसर में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पातेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों के अनुसार, शिवम के दोनों हाथ और दोनों पैर टूटे हुए थे। उसके सिर और शरीर पर धारदार हथियार और रॉड से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

रात 11 बजे फोन कर बुलाया, फिर हुई वारदात
परिजनों ने आरोप लगाया कि बुधवार रात करीब 11 बजे किसी ने फोन कर शिवम को घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद रात में ही उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और शव को स्कूल परिसर में फेंक दिया गया। पुलिस फोन करने वाले की पहचान करने के लिए कॉल डिटेल खंगाल रही है।

स्कूल की सुरक्षा पर सवाल, प्रधानाध्यापक ने साधी चुप्पी

विज्ञापन

रात में स्कूल परिसर में छात्र का शव मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल में नाइट गार्ड की तैनाती है या नहीं और रात में गेट बंद रहता है या नहीं, इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। इस संबंध में पूछे जाने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए हाजीपुर से एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और खून के धब्बों, घटनास्थल के नमूनों तथा अन्य साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है।

ये भी पढ़ें- राघोपुर नाव हादसा: 13 बच्चों के शव गंगा में क्यों विसर्जित किए गए? जानिए पीढ़ियों पुरानी परंपरा

परिवार में मातम, पिता दूसरे राज्य में करते हैं मजदूरी
मृतक शिवम दो भाइयों में छोटा था और दसवीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता सुरेंद्र पासवान दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। यह हत्या है या मौत की कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें