वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में महिला होमगार्ड जवान और उसकी नाबालिग बहन के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के घर पर छापेमारी कर महिला होमगार्ड को सकुशल बरामद कर लिया। घायल अवस्था में उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी और उसका साथी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
हाट से लौटते समय वारदात का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता शुक्रवार शाम अपनी नाबालिग बहन के साथ बेलवर हाट गई थी। रात में घर लौटने के दौरान कुछ लोगों ने दोनों को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों बहनों को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर बीच-बचाव करने पहुंचे एक ग्रामीण के साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान पीड़िता की नाबालिग बहन किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर मुख्य आरोपी सुबोध पासवान के घर से महिला होमगार्ड जवान को बरामद कर लिया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोरौल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें-
तेज रफ्तार हाइवा ने मजदूर को कुचला, मौत के बाद फूटा गुस्सा; मुआवजे की मांग को लेकर घंटों जाम
ब्लैकमेल करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान गांव निवासी सुबोध पासवान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह पहले पीड़िता का फिजिकल ट्रेनर रह चुका था।
पीड़िता पक्ष का आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान आरोपी ने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें अपने पास रख ली थीं और लंबे समय से उन्हें आधार बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना के बाद आरोपी सुबोध पासवान और उसका एक साथी घर छोड़कर फरार हो गए। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।