शनिवार की रात मोतिहारी में सुगौली के ताज चौक स्थित ताज शॉपिंग सेंटर के प्रोपराइटर फैसल यूसुफ पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना राष्ट्रीय उच्च पथ 527 डी पर स्थित ताज चौक की है, जहां रात करीब 10:30 बजे यह वारदात हुई।
फैसल यूसुफ ने बताया कि वह अपनी दुकान बंद कर सीढ़ियों से नीचे उतर ही रहे थे कि तभी उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। वह सीढ़ियों पर ही रुक कर बात करने लगे। इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवकों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों गोलियां उन्हें नहीं लगीं। एक गोली सीढ़ियों पर मार्बल में जा धंसी, जबकि दूसरी हवा में निकल गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मॉल मालिक के अनुसार, शुरुआत में उन्हें लगा ही नहीं कि उनके ऊपर गोली चलाई गई है। हालांकि, गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। खुद फैसल यूसुफ का परिवार और आसपास के व्यवसायी भी भयभीत हैं।
पढ़ें: 'मुख्यमंत्री ने पेंशन बढ़ाई, नेता प्रतिपक्ष का बढ़ा टेंशन': मंत्री जीवेश का तेजस्वी पर तंज
प्रत्यक्षदर्शियों में शामिल अफरोज आलम ने बताया कि अपराधी उजले रंग की बाइक पर सवार होकर रक्सौल की दिशा से आए थे। पीछे बैठे युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग की और छपवा चौक की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि वारदात से पहले दोनों युवकों ने इलाके में चक्कर लगाकर रेकी की थी।
ताज चौक इलाके में कई बड़े शॉपिंग मॉल और दुकानें हैं, जहां हमेशा भीड़भाड़ रहती है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही सुगौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने घटना स्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। उन्होंने गोली चलने की पुष्टि की, हालांकि घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।