तिरहुत प्रमंडल मुख्यालय मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को हुई रुक-रुककर बारिश ने नगर निगम की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
स्टेशन रोड से लेकर मोतीझील तक पानी जमा हो गया है। सबसे खराब स्थिति स्टेशन रोड, आम गोला रोड, नजीरपुर रोड, नीम चौक से पोखरिया पीर मार्ग और गोला रोड की है। इन इलाकों में पहले से जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी, ऊपर से नालों की सफाई न होने के कारण पानी सड़क पर भरकर अब काला पड़ने लगा है और उससे तेज दुर्गंध उठ रही है।
सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय परिसर भी पानी में डूब गया है। नाले का उफनता और सड़ांधयुक्त पानी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। इससे संक्रमण का खतरा भी मंडराने लगा है।
पढ़ें; गला रेता, शरीर पर चाकू के वार...खौफनाक हत्या से दहला बेतिया; गन्ने के खेत में मिला खून से लथपथ शव
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम हर साल जलजमाव से मुक्त कराने का दावा करता है, लेकिन हर बार स्थिति जस की तस रहती है। लोगों में नाराजगी है कि बारिश शुरू होते ही शहर जलमग्न हो जाता है और उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
मौसम विभाग ने पहले ही तीन दिन तक बारिश की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से जलनिकासी की कोई कारगर व्यवस्था नहीं की गई। नतीजा यह रहा कि बारिश के कुछ ही मिनटों में शहर की सूरत बिगड़ गई और आम आदमी का जीवन मुश्किलों से घिर गया।