सीतामढ़ी जिले में शनिवार को भुतही थाना क्षेत्र अंतर्गत दोस्तिया स्थित एनएच-77 पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक हाइवा और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में एक इंजीनियर भी शामिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा (BR-06 GG-8351) सोनबरसा से सीतामढ़ी की ओर तेज गति से आ रही थी, जबकि ई-रिक्शा (BR-30 ER-2832) बथनाहा थाना क्षेत्र के मैवी से सवारियों को लेकर नेपाल के मलंगवा जा रही थी। अचानक हाइवा ने रॉन्ग साइड से आकर ई-रिक्शा को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
मौके पर ही गई तीन जानें
हादसे में ई-रिक्शा चालक राजेन्द्र उर्फ झगरू महतो (51), इंजीनियर विक्की उर्फ चन्दन कुमार (29), और उनकी मां वीणा देवी (52) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उर्मिला देवी (54) को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सीएम नीतीश कुमार की सेना अधिकारियों संग बैठक, दिए गए ये निर्देश
नशे में थे हाइवा चालक और उपचालक
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाइवा चालक बबन राय (निवासी बेलसर, वैशाली) और उपचालक मुकेश यादव (निवासी खरिनिया, मुजफ्फरपुर) शराब के नशे में थे। उन्होंने लापरवाही पूर्वक रॉन्ग साइड से गाड़ी चलाते हुए ई-रिक्शा को टक्कर मारी और खुद की गाड़ी भी सड़क किनारे पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही भुतही और सोनबरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, देवेंद्र चौधरी और पुअनि उमेश कुमार रजक ने स्थिति का जायजा लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। मृतकों के परिजनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: व्यवसायी के घर 50 लाख की चोरी मामले में सात आरोपी गिरफ्तार, नकद समेत लाखों का गहना बरामद