पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
सीतामढ़ी स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी लाठी में तेल, कभी चरवाहा विद्यालय, कभी पहलवान विद्यालय खोलने की बात करने वाले लालू जी अब तलवार से केक काटते नजर आ रहे हैं। लेकिन अब बिहार बदल चुका है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह लाठी-तलवार का युग नहीं है, युवाओं को रोजगार दीजिए, बिहार को विकसित करने में सहयोग कीजिए।
मंत्री गुप्ता केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर पत्रकारों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि “सशक्त भारत, सुरक्षित भारत” अब सिर्फ सपना नहीं, बल्कि सच्चाई बन चुका है।
पढ़ें: कोसी और पूर्णिया का कुख्यात 50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे कार्रवाई कर पकड़ा
मंत्री ने बताया कि नक्सलवाद और आतंकवाद पर निर्णायक कार्रवाई से देश में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम हुआ है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के साथ भारत ने आकाश, ब्रह्मोस, अग्नि जैसी मिसाइलों के सफल परीक्षण और राफेल, S-400 जैसे अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों की तैनाती से अपनी ताकत बढ़ाई है। उन्होंने साइबर सुरक्षा में हुई प्रगति और अंतरिक्ष में एंटी-सैटेलाइट मिसाइल परीक्षण को भी देश की बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, विधायक गायत्री देवी, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, भाजपा नेता सुवंश राय, उमेश चंद्र झा और जिला प्रवक्ता रमन श्रीवास्तव समेत कई नेता उपस्थित थे।