वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के शाहदुल्हपर गांव में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नेपाल जा रहा कच्चे तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक गुमटी पर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक शाहिद खान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज आसपास के घरों तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद टैंकर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक शाहिद खान पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहा था। उसने बताया कि शाहदुल्हपर के पास अचानक एक पिकअप सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
पढ़ें: जहानाबाद में निकला ‘तेजस्वी संदेश रथ’, सांसद सुरेंद्र यादव ने दिखाई हरी झंडी
स्थानीय दुकानदार ने बताया कि मैं दुकान के अंदर नहीं था, बाहर खाना खा रहा था। अचानक जोरदार आवाज हुई और जब तक कुछ समझ पाता, टैंकर मेरी गुमटी पर पलट चुका था। भगवान की कृपा से मेरी जान बच गई, लेकिन करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हो गया। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन किसी तरह की मदद नहीं की।
इधर, टैंकर पलटने के बाद उसमें से कच्चा तेल सड़क पर बहने लगा। यह देखते ही ग्रामीण बाल्टी, ड्रम, बोतल और यहां तक कि कपड़े तक लेकर तेल इकट्ठा करने लगे। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोग खुलेआम तेल लूटते रहे और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण दूर-दराज से भी लोग मौके पर पहुंचे और तेल लूटकर ले गए इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। देर शाम तक लोग ड्रम और बाल्टी में तेल भरते रहे। वहीं, गुमटी मालिक ने प्रशासन से अपने नुकसान की भरपाई की मांग की है।