बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। जहां बाइक से स्कूल जा रहे प्रिंसिपल और शिक्षिका पर अचानक पेड़ की डाल टूटकर गिर गई, जिसमें शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं, प्रिंसिपल की नाजुक स्थिति में अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के नेउरा शिवहर मुजफ्फरपुर स्टेट हाइवे पर हुआ है। घटना दुकान में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि अपने स्कूल के लिए जा रहे प्रिंसिपल और शिक्षिका के ऊपर अचानक पेड़ का डाल टूट कर गिर गया। बड़े पेड़ के गिरने के कारण जहां महिला शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रिंसिपल भी वहां गंभीर रूप से जख्मी हो गए। नाजुक स्थिति में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मृतका महिला शिक्षिका उत्तर प्रदेश की रहने वाली है, उसका नाम विशाखा बताया गया है। आज अपने स्कूल के प्रिंसिपल फूलबाबू कुमार राय के साथ में अपने स्कूल जा रही थी और दोनों मीनापुर प्रखंड के तालीमपुर मध्य विद्यालय में कार्य करते हैं।
जैसे ही दोनों बाइक से गंगासागर पुल के पास की देवी स्थान के पास पहुंचे, एक ट्रक जो आ रही थी, उसकी पेड़ से टक्कर हुई और अचानक पेड़ का डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गया। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए, इस घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दोनों दर्द से चीखने-चिल्लाने लगे। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाने की कवायद शुरू की गई। इसी बीच महिला शिक्षिका विशाखा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रिंसिपल जो गंभीर रूप दर्द से कराहते रहे, जिसके बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के आलोक पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, प्रिंसिपल फूलबाबू राय शिवराहा मझौलिया के रहने वाले हैं। दो वर्ष पूर्व ही विशाखा की इस विद्यालय में पोस्टिंग हुई थी।
घटना को लेकर पूरे मामले में ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि स्कूल जाने के दौरान प्रिंसिपल और शिक्षिका के ऊपर पेड़ का डाल टूट कर गिर गया, जिस कारण शिक्षिका की मौत हो गई। वहीं, प्रिंसिपल फूलबाबू राय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। वहीं, उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, शिक्षिका उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और पहचान विशाखा कुमारी के रूप में हुई है। घटना का कारण दो ट्रक के पास करने के कारण एक ट्रक की पेड़ से टक्कर हो गई और इसी दौरान में पेड़ बाइक पर गिरा और एक की मौत हो गई है।