श्री बाला जी अस्पताल का भी हुआ औचक निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया अनुमंडल क्षेत्र में फर्जी और अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सरैया बाजार में एक निजी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें भारी खामियां पाई गईं। अस्पताल में नर्सिंग एक्ट का पालन नहीं हो रहा था, डॉक्टरों के पास एमबीबीएस की डिग्री नहीं थी, और कई अन्य अनियमितताएं थीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिविल सर्जन को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन स्वास्थ्य कल्याण समिति के प्रधान सचिव डॉ. एलबी सिंह द्वारा सरैया और पारू प्रखंड के निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट 2011 के तहत सूचना पट्ट लगाने में लापरवाही और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, साथ ही बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल चलाए जाने जैसी खामियां सामने आईं। मझौलिया के एक अस्पताल में फर्जी डॉक्टर रवि कुमार द्वारा एमबीबीएस जनरल फिजीशियन और सर्जन के नाम पर अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था।
इससे पहले भी फर्जी अस्पतालों और डॉक्टरों के खिलाफ शिकायतें मिली थीं, लेकिन कार्रवाई के डर से ये लोग फरार हो जाते हैं। वैशाली जिले से कार्रवाई के बाद ये लोग मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड में अपना अवैध धंधा चला रहे थे। प्रधान सचिव डॉ. एलबी सिंह ने सिविल सर्जन को इस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की सिफारिश की है।