राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली पहुंचे राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा में जाने की सलाह दी है। राकेश सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव को संघ की शाखा में जाकर यह देखना चाहिए कि वहां किस तरह से काम होता है और समाज के प्रति समर्पण का भाव कैसे विकसित किया जाता है। उन्होंने कहा कि साधुओं की कोई जाति नहीं पूछी जाती।
‘संघ में जाति या संप्रदाय का सवाल नहीं’
राकेश सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बीते 100 वर्षों से समाज के प्रति समर्पण के साथ काम कर रहा है। संघ में न तो जाति देखी जाती है, न बिरादरी और न ही संप्रदाय। संघ केवल देशभक्ति को अपनी पहचान मानता है और यही उसकी प्राथमिकता है।
तेजस्वी यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने पूछा था कि संघ प्रमुख दलित या महिला क्यों नहीं बनाए जाते। जवाब में सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी को संघ की शाखा में जाकर यह समझना चाहिए कि वहां क्या सिखाया जाता है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि तेजस्वी यादव के मन में जो भ्रम और सवाल उठते हैं, उनका उत्तर उन्हें संघ की शाखा में जाने के बाद मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि संघ किसी जाति, संप्रदाय या वर्ग में भेदभाव नहीं करता।
‘बिहार में NDA का नेतृत्व नीतीश के हाथों में ही रहेगा’
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी राकेश सिन्हा ने स्पष्टता दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने नीतीश कुमार को NDA का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है और इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं होना चाहिए। एनडीए के सभी नेताओं का उद्देश्य और भावना एक ही है, भले ही उनकी अभिव्यक्ति अलग-अलग हो।
दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत का दावा
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भी राकेश सिन्हा ने विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने जनता को ठगने का काम किया है। उनके कार्यकाल की सच्चाई अब सामने आ रही है और इसका नतीजा यह होगा कि भाजपा दिल्ली में दो-तिहाई बहुमत से जीत दर्ज करेगी।