वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित रसूलपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मिनी शराब फैक्टरी का उद्भेदन किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में देशी शराब, शराब बनाने वाले केमिकल, खाली बोतलें, रैपर, एक पंचिंग मशीन और दो कार जब्त की गई हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस ने मौके से 'पुलिस' लिखा हुआ नंबर प्लेट भी बरामद किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि शराब बनाने के काम में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस व लालगंज थानाध्यक्ष शैलजा ने किया, वहीं एसआई संतोष कुमार की भूमिका भी सराहनीय रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शराब माफिया अपने अवैध कारोबार को बचाने के लिए पुलिस की फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।
पढ़ें: घर में सो रहे बुजुर्ग को बदमाश ने मारी गोली, आवाज सुनकर दौड़े परिजन...अस्पताल में कराया गया भर्ती
बता दें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इसे सख्ती से लागू कराने के लिए पुलिस प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। यही कारण है कि राघोपुर, बिदुपुर और लालगंज के सररिया-सलेमपुर समेत कई इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से लालगंज और आसपास के क्षेत्रों के शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।