बिहार के वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बलहा बसंता गांव में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक व्यक्ति गंडक नदी में डूब गया। यह हादसा उस समय हुआ जब वह व्यक्ति अपने डूबते बेटे को बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। मृतक की पहचान सिरसा बिरन पंचायत के छितरौली गांव निवासी संजय सहनी के रूप में हुई है। संजय अपने ससुराल बलहा बसंता गांव में अपने साले की शादी में परिवार समेत आए थे।
जानकारी के मुताबिक, संजय सहनी का बेटा और उनके साढ़ू का बेटा मंगलवार की दोपहर गंडक नदी में स्नान के लिए गए थे। इस दौरान दोनों बच्चे नदी की तेज धारा में बहने लगे। बच्चों को डूबता देख संजय सहनी को जैसे ही जानकारी मिली, वह तुरंत नदी की ओर भागे और अपने बेटे को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े।
वहीं पास ही नदी किनारे किसी अन्य शव के दाह संस्कार के लिए जुटे कुछ लोगों ने यह दृश्य देखा और तुरंत बच्चों को बचाने के लिए प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बच्चों को बचाते-बचाते संजय सहनी खुद गहरे पानी में डूब गए।
पढ़ें: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक की मौत; दो गंभीर रूप से घायल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया ने प्रशासन को सूचना दी। प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और गंडक नदी में डूबे संजय सहनी की तलाश शुरू कर दी है। देर शाम तक उनकी खोज जारी थी।
घटना की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जहां कुछ देर पहले तक शादी की खुशियाँ गूंज रही थीं, अब वहां रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। संजय सहनी के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि नदी में डूबे व्यक्ति की तलाश SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से की जा रही है। मामले की जांच जारी है।