हाजीपुर शहर के ऐतिहासिक ताजबाज पोखर में पानी की गंदगी और प्रदूषण के कारण स्थिति इतनी खराब हो गई है कि उसमें घुलनशील ऑक्सीजन की मात्रा बेहद कम हो गई। इसी वजह से तालाब में करीब 20 क्विंटल से अधिक मछलियों की मौत हो गई। सोमवार से शुरू हुई यह स्थिति मंगलवार को और भयावह हो गई। पोखर की सतह पर बड़ी संख्या में मृत मछलियां तैरने लगीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृत मछलियों से उठ रही तेज दुर्गंध ने आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।
मृत मछलियों को छानकर बेचा जा रहा
स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद ने नगर परिषद को सूचना दी कि पोखर में सड़ रही मछलियों की सफाई नहीं की जा रही है। वहीं लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मृत मछलियों को छानकर बाजार में बेच भी रहे हैं। इस पर प्रशासन ने लोगों को हिदायत दी है कि किसी भी हाल में मरी हुई मछलियां न खाएं।
पढ़ें: सासाराम में 100 से अधिक घर जलमग्न, जनजीवन ठप; लगातार बारिश ने बढ़ाई मुसीबत
पहले भी की गई थी शिकायत
हाजीपुर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड के मंत्री गौतम सहनी ने 9 अप्रैल 2025 को ही जिला मत्स्य पदाधिकारी को पत्र लिखकर इस समस्या की शिकायत की थी। पत्र में बताया गया था कि नगर परिषद द्वारा ताजबाज पोखर में नालों का गंदा और कीचड़युक्त पानी गिराया जा रहा है, जिससे तालाब का पानी और मिट्टी प्रदूषित हो गई है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चार दिनों से जारी है मछलियों की मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले चार दिनों से मछलियों के मरने का सिलसिला जारी है। लेकिन मत्स्यपालक द्वारा मृत मछलियों को बाहर निकालकर निस्तारित नहीं किया गया है। मछलियां पानी में ही सड़ रही हैं, जिससे दुर्गंध और ज्यादा बढ़ गई है। पोखरा मोहल्ला, सुभाष चौक और गुदड़ी रोड समेत आसपास के मोहल्लों की नालियां पोखर में गिरती हैं, जिससे पानी जहरीला हो चुका है।
अधिकारियों का बयान
इस मामले में जिला मत्स्य पदाधिकारी गणेश राम ने बताया कि पोखर में नालों का गंदा पानी गिरने से मछलियां मर रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को नाला बंद करने के लिए पत्र लिखा गया है। वहीं पानी की सफाई के लिए पोखर में ब्लीचिंग पाउडर डाला गया है, जिससे 12 घंटे में पानी की स्थिति बेहतर होने की संभावना है। डीएफओ ने भी बताया कि मृत मछलियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी।