वैशाली जिले के हाजीपुर महिला थाना पुलिस ने शादी करने का प्रलोभन देकर यौन शोषण करने और धोखाधड़ी से पैसा ठगने वाले शिवहर के एक दारोगा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दारोगा का नाम राहुल कुमार है, जो सीवान जिले के सोनबरसा थानाक्षेत्र के जीबी नगर का निवासी है। आरोपी राहुल पूर्व में मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाने में थाना अध्यक्ष रह चुका है।
महिला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर राहुल कुमार को पटना से गिरफ्तार किया। दरअसल, यह मामला 2023 का है, जब महिला दारोगा की नियुक्ति सरैया थाना में हुई थी और आरोपी दारोगा राहुल का पदस्थापन बरूराज थाना में हुआ था। दोनों के बीच जान-पहचान हुई और राहुल ने महिला दारोगा से शादी करने की बात की।
महिला दारोगा ने राहुल के प्रस्ताव का विरोध किया और बताया कि उसकी शादी कहीं और तय हो रही है। इसके बावजूद, राहुल ने लगातार मोबाइल पर संपर्क बनाए रखा और धमकाया कि अगर उसकी शादी कहीं और हुई तो वह उसे रुकवा देगा। अंततः महिला दारोगा ने राहुल के दबाव में आकर शादी की बात मान ली।
शादी के लिए बातचीत शुरू हुई तो राहुल के परिवार ने दहेज में कीमती उपहार और नकदी की मांग की। इस पर सहमति बनने पर चार मार्च 2024 को तिलक महोत्सव आयोजित किया गया। उसमें 10 लाख रुपये नकदी और कीमती उपहार दिए गए। शादी के बाद राहुल ने महिला दारोगा के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
इस सिलसिले में महिला दारोगा गर्भवती हो गई। फिर राहुल ने उसे मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के बहाने ले जाकर धोखे से गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर राहुल ने उसके साथ मारपीट की। इन घटनाओं के बाद महिला दारोगा ने 16 जून को हाजीपुर महिला थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
महिला थाना अध्यक्ष मोनी कुमारी ने बताया कि 16 जून को मिले आवेदन के आधार पर आरोपी दारोगा राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।