विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर रेल पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। रेल एसपी बीना कुमारी ने रेल क्षेत्र के सभी 11 पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए। पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।
बैठक में रेल एसपी ने चुनाव से जुड़ी तैयारियों के साथ-साथ हाल के अपराध मामलों की समीक्षा भी की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त तेज करने, जांच-पड़ताल बढ़ाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही अब तक की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। रेल एसपी ने स्पष्ट किया कि जिन स्टेशनों को संवेदनशील माना गया है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी। संभावित घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त जांच और सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
पढे़ं; भारत-नेपाल सीमा पर कमांडेंट स्तर की समन्वय बैठक, सीमा सुरक्षा और चुनाव को लेकर हुई अहम चर्चा
उन्होंने बताया कि चुनाव के अलावा छठ और दिवाली जैसे बड़े पर्व भी नजदीक हैं। भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्राउड मैनेजमेंट टीम बनाई जा रही है। गश्त को तेज करने के साथ-साथ स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी।
रेल पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें संयुक्त रूप से इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। चुनावी माहौल और त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।