फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: स्वर्ण कारोबारी की गोली मारकर हत्या, बैग लेकर फरार हुए बदमाश; डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

Fri, 28 Aug 2026 09:07 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली

सार

वैशाली के तिसीऔता थाना क्षेत्र में अपराधियों ने 32 वर्षीय स्वर्ण व्यवसायी विशाल कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने उन्हें घेरकर नजदीक से तीन गोलियां मारीं और बैग व सामान लेकर फरार हो गए। 
विज्ञापन
पुलिस मौके पर जांच पड़ताल करते हुए - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैशाली जिले के तिसीऔता थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच बीती रात सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने कारोबारी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उन्हें नजदीक से तीन गोलियां मारीं और इसके बाद उनका बैग व सामान लेकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि व्यापारियों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

विज्ञापन


मनियारी के रहने वाले थे मृतक
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी विजय साह के 32 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है। विशाल पिछले करीब आठ वर्षों से राम सुरेश चौक पर कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रह रहे थे। उन्होंने अपने किराये के मकान से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित लालबाबू राय के फूलकुमारी मार्केट में आभूषण की दुकान खोल रखी थी। इसी दुकान से वह अपना स्वर्ण आभूषण का कारोबार संचालित कर रहे थे।

रक्षाबंधन पर देर से बंद की थी दुकान
रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजार में ग्राहकों की भीड़ और खरीदारी अधिक होने के कारण विशाल कुमार सोनी ने गुरुवार को अपनी दुकान सामान्य दिनों की तुलना में देर से बंद की थी। दुकान बंद करने के बाद वह पैदल ही अपने किराये के मकान की ओर लौट रहे थे।
विज्ञापन


बताया जा रहा है कि मकान से करीब 500 मीटर पहले एक सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने नजदीक से तीन गोलियां मारीं, जिससे विशाल कुमार सोनी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश उनका बैग और सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विशाल कुमार सोनी को तत्काल जंदाहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, एक माह के बेटे ने खोया पिता
स्वर्ण व्यवसायी की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विशाल कुमार सोनी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी। उनके घर में एक महीने का नन्हा बेटा भी है। रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले हुई इस जघन्य वारदात ने परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। एक माह के मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला लूटपाट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

थाना प्रभारी ने कहा- गोली मारकर की गई हत्या
तिसीऔता थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें