सीतामढ़ी शहर के मेला रोड मोहल्ले में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार बिजली नहीं आने से लोगों के जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। इस भीषण गर्मी में लोग रातभर बिना पंखे और पानी के परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
गुरुवार को स्थानीय निवासियों ने मेला रोड मुख्य सड़क को आगजनी कर जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जाम करीब सात घंटे से जारी है, लेकिन अब तक प्रशासन या जनप्रतिनिधियों में से कोई मौके पर नहीं पहुंचा है।
पढ़ें: 'खून हम जलाएं, टिकट दूसरे को!'- प्रत्याशी का नाम सामने आते ही जन सुराज कार्यालय में हंगामा
आक्रोशित लोगों ने मेयर, सांसद, विधायक और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नेताओं को केवल चुनाव के समय जनता की याद आती है। वोट मांगने के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन समस्याओं के समय कोई सुनने वाला नहीं है।
लोगों का कहना है कि शहर में रहकर भी वे गांव से भी बदतर स्थिति में जी रहे हैं। बिजली, पानी और सफाई की सुविधा न के बराबर है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द बिजली बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।