मोतिहारी पुलिस को ड्रग्स कारोबार में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कार्रवाई मोतिहारी पुलिस और एनसीबी के साथ मिलकर की गई है। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।
मोतिहारी में रामगढ़वा पुलिस ने ब्राउन शुगर बनाने वाले केमिकल के साथ इसके तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार और एनसीबी के द्वारा संयुक्त रूप से कई ठिकानों पर की गई। इस कार्रवाई में ब्राउन सुगर बनाने के दौरान इसके तस्करों को पांच डिब्बा ब्राउन सुगर बनाने वाले केमिकल के साथ गिरफ्तार किया गया।
रामगढ़वा में तीन जगहों पर सटीक छापेमारी कर योगवलिया से रंजीत यादव, लक्ष्मीपुर से सर्वेश यादव और चम्पापुर से रुपेश यादव को पकड़ा गया। इनका संबंध नेपाल से जुड़े होने और स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों से भी होने की बात सामने आ रही है। इस संदर्भ में रामगढ़वा थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार विशेष बातों का खुलासा नहीं किया है। कहा कि पुलिस को पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है।
वहीं, छतौनी पुलिस व एनसीबी की कार्रवाई में दो तस्करों को दो किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सात करोड़ रुपये बताई जाती है। इस ड्रग्स को नेपाल के रास्ते भारत लाया जा रहा था।