मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में रैगिंग और एंटी-रैगिंग कोऑर्डिनेटर पर हमले के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। 2023 बैच के छह छात्रों की पहचान होने के बाद अब 2024 बैच के कुछ छात्रों के नाम भी सामने आ रहे हैं। इस बीच आरोपी छात्रों के समर्थन में कई विद्यार्थी सामने आए और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
बताया गया कि बीते दिन रैगिंग की घटना और उसके बाद एंटी-रैगिंग कोऑर्डिनेटर की गाड़ी पर तोड़फोड़ की गई थी। जांच में 2023 बैच के तीन सिविल और तीन मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों की पहचान हुई है। इसके अलावा और भी छात्रों के नाम सामने आने की संभावना है। पहचान के लिए कॉलेज प्रशासन शिक्षकों की मदद ले रहा है। कॉलेज पहुंचे नगर डीएसपी (टू) विनीता सिन्हा और ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने छात्रों से पूछताछ की। डीएसपी ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी निष्पक्षता से होगी।