वैशाली में जमीन विवाद को लेकर गांव के दबंगों ने बुजुर्ग व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दिया है। मारपीट का वीडियो सामने आया है। मृतक महिसौर थाना क्षेत्र के सोहर्थी गांव निवासी दिवंगत योगेश्वर प्रसाद सिंह के बेटे राम नरेश सिंह (65) बताए गए हैं। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। मृतक के बेटे आकाश कुमार ने बताया कि हम घर पर नहीं थे, तभी पड़ोसी दिनेश सिंह, संजय सिंह और मंटू सिंह से एक कदम दूरी इतना ही जमीन का विवाद चल रहा था। उसको लेकर वे लोग बार-बार गाली-गलौज और मारपीट करते रहते थे।
उन्होंने कहा कि जमीन का सर्वे चल रहा है, जिसको लेकर वे लोग कह रहे थे कि मेरी जमीन आपके इधर निकल रही है। उसपर हम लोग बोले थे कि सभी पट्टेदार जुटेंगे तो पंचायत कर समझौता कर लिया जाएगा। लेकिन वे लोग नहीं माने और उन लोगों ने मेरी जमीन पर लगे हरे पेड़-पौधों को काटना शुरू कर दिया था। जब मेरे पिता जी रोकने गए तो उन लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। उसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही थी। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इस संबंध में महिसौर थाना अध्यक्ष राम निवास ने बताया कि जमीनी विवाद में दो पक्षों में झड़प हुई है। इसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। मृतक के परिवार वालों द्वारा आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।