वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र से दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नवविवाहिता जया सिंह उर्फ तन्नु (25 वर्ष) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की शादी 6 दिसंबर 2024 को राजबीर सिंह उर्फ रवि से हुई थी।
मृतका के पिता जयशंकर सिंह ने बताया कि बेटी की शादी में उन्होंने करीब 15 लाख रुपये के गहने और 10 लाख रुपये की टाटा पंच कार दी थी। इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर जया को लगातार प्रताड़ित करते थे। जया कई बार फोन पर पिता से इसकी शिकायत करती थी।
पढ़ें: संदिग्ध हालत में बगीचे में मिली बेहोश युवती, पुलिस जांच में जुटी; मौके पर जुटी भीड़
20 सितंबर 2025 को दोपहर 1 बजे के आसपास जया से संपर्क नहीं होने पर संदेह गहराया। जब रिश्तेदार ससुराल पहुंचे तो अनहोनी की खबर मिली। इसके बाद जयशंकर सिंह ने दिल्ली से ही महुआ थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जया का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद सभी ससुराल वाले घर से फरार हो गए। पुलिस ने पति राजबीर सिंह, उसके भाई मासूम, मां, रत्नेश सिंह, रमेश सिंह, बहनें आरती देवी और जूही देवी समेत 12 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। इनमें राजबीर के तीन बहनोई, मामा सुजीत सिंह और उनकी बेटी नीतू देवी भी शामिल हैं। सभी आरोपी वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा मुकुन्दपुर गांव के रहने वाले हैं।