बेतिया में सड़क दुर्घटना में घायल एक माइक्रोफाइनेंस कर्मी की इलाज के दौरान जीएमसीएच बेतिया में मौत हो गई है। घटना जिले के बेतिया मोतिहारी नेशनल हाइवे स्थित नानोसती चौक के समीप बीते बुधवार की है।
मृतक की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के दक्षिण तेलुआ वार्ड नम्बर 4 निवासी अमरीका साह के 20 साल के बेटे चंदन कुमार के रूप में की गई है। इधर, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है। बताया जाता है कि युवक बीते बुधवार को बेतिया मोतिहारी नेशनल हाइवे स्थित नानोसती चौक पर मौजूद था। अचानक वह ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया था। जहां उसका इलाज चल रहा था। वहीं, इलाज के दौरान उसकी मौत गुरुवार शाम हो गई है। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मची हुई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक कि बार-बार सीने में मुक्का मार बेहोश हो जा रही है और अपने बेटे को चीख-चीख कर पुकार रही है। वहीं, अस्पताल नाका प्रभारी रामकुमार पासवान ने बताया कि परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले में अग्रतर कार्रवाई करने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक चंदन चैतन्य माइक्रो फाइनेंस कंपनी में मझौलिया ब्रांच में काम करता था।