वैशाली जिले के नगर थाना और गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित हरवंसपुर दियारा इलाके में गुरुवार को दोस्ती को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर एक युवक को उसके ही दोस्त ने गोली मार दी। घायल युवक की पहचान छोटी यूसुफपुर निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है। गोली उसके सीने में लगी, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे पहले सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर मारी गोली
घायल शुभम कुमार ने पुलिस को बताया कि करणपुरा निवासी अंशु कुमार से उसकी दोस्ती महज पांच-छह दिन पहले हुई थी। गुरुवार को दोनों ने साथ में बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद अंशु ने जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने उसे डीआरसीसी कार्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर हरवंसपुर दियारा क्षेत्र में बुलाया। वहां पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर अंशु ने शुभम पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली लगने के बाद भी नहीं हारा हौसला
गोली लगने के बावजूद शुभम ने हिम्मत नहीं हारी। खून से लथपथ हालत में वह करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलता हुआ गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के गिदरवा टोला पहुंचा। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया।
प्रेम प्रसंग बना हमले की बड़ी वजह
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक एक ही युवती से प्रेम करते थे, जिसको लेकर उनके बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। घायल शुभम ने पुलिस को बताया कि आरोपी अंशु उसकी शारीरिक बनावट को लेकर भी ईर्ष्या रखता था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि कहीं इसी रंजिश में वारदात को अंजाम तो नहीं दिया गया।
यह भी पढ़ें:
अपनी ही सरकार पर नाराज हुए मंत्री मदन सहनी! बोले- 'आरोपी डीएसपी की पोस्टिंग जख्म कुरेदने जैसी'
आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार, गंगा ब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार और नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी अंशु कुमार समेत उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।