घटनास्थल पर पुलिस जांच पड़ताल करती हुई
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधि नरेंद्र गांव में शनिवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक दिव्यांग व्यक्ति की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान प्रबोधि नरेंद्र गांव निवासी शंकर सिंह के रूप में हुई है, जो दिव्यांग थे।
फूस के घर में सोए थे, सुबह बिस्तर पर मिला शव
पुलिस के अनुसार, शंकर सिंह शनिवार रात भोजन करने के बाद अपने घर के बगल में बने फूस के मकान में सोने चले गए थे। रविवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। उनका भाई जब कमरे के अंदर पहुंचा तो शंकर सिंह का गला कटा हुआ शव बिस्तर पर पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप फैल गया।
अकेले रहते थे मृतक
परिजनों के अनुसार, शंकर सिंह पांच भाइयों में से एक थे। एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि तीन भाई जीवित हैं। शंकर सिंह अविवाहित थे। दिव्यांग होने के कारण वे घर के समीप बने अलग फूस के मकान में अकेले रहते थे। फिलहाल परिजन किसी पुरानी दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं दे सके हैं।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फूस के घर के भीतर तथा आसपास से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और आरोपी किस रास्ते से आए और फरार हुए।
यह भी पढ़ें:
रिटायरमेंट के बाद शोभा ओहटकर को बड़ी जिम्मेदारी; सरकार ने BSSC का अध्यक्ष बनाया
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा हत्या का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के समय और हत्या के तरीके से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल ने बताया कि दिव्यांग व्यक्ति का गला कटा हुआ शव उसके बिस्तर पर मिला है। पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।