फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: डेहरी EO हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, जिस पर था सबसे ज्यादा भरोसा उसी ने उतारा मौत के घाट

Sun, 02 Aug 2026 04:26 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद/रोहतास

सार

Bihar News: रोहतास के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या का औरंगाबाद पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं बल्कि उनके चालक मिथिलेश कुमार ने अत्यधिक ड्यूटी और विवाद से नाराज होकर की।
विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच करते आईजी व अन्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की औरंगाबाद के बारूण थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि कार्यपालक पदाधिकारी के चालक मिथिलेश कुमार ने अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में मगध प्रक्षेत्र, गया के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने जानकारी दी।

विज्ञापन


ड्राइवर के बदलते बयानों से पुलिस को हुआ शक
हत्याकांड की जांच के लिए रविवार को औरंगाबाद पहुंचे आईजी विकास वैभव ने बताया कि चालक मिथिलेश कुमार घटना को लेकर लगातार विरोधाभासी बयान दे रहा था। पहले उसने दावा किया कि दो अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया। बाद में उसने एक बाइक सवार की बात कही और फिर घटना को सड़क दुर्घटना बताने लगा। लगातार बदलते बयानों ने पुलिस का संदेह चालक पर गहरा दिया।

सख्ती से पूछताछ में खुल गया हत्या का राज
पुलिस ने जब चालक से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपी ने हत्या का कारण, वारदात का तरीका और घटना को लूट व सड़क हादसा साबित करने की कोशिशों की भी पूरी जानकारी पुलिस को दी।
विज्ञापन


अत्यधिक ड्यूटी से था नाराज, इसी गुस्से में कर दी हत्या
पूछताछ में चालक ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी उससे लगातार अत्यधिक ड्यूटी कराते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ था। शनिवार को भी इसी मुद्दे पर बहस हुई। इसके बावजूद देर रात पटना चलने का आदेश मिलने पर वह उन्हें लेकर निकला, लेकिन रास्ते में ही हत्या करने का मन बना लिया।

पेशाब का बहाना बनाया, फिर लोहे की रॉड से किया हमला
चालक ने पुलिस को बताया कि पटना जाते समय उसने सुनसान इलाके में पेशाब करने के बहाने गाड़ी रोक दी। कार्यपालक पदाधिकारी ने गाड़ी रोकने से मना किया, लेकिन उसने बात नहीं मानी। गाड़ी से उतरने के बाद उसने पीछे रखी लोहे की रॉड निकाली और विमल कुमार पर कई वार कर दिए। वारदात के बाद रॉड को नहर में फेंक दिया और गाड़ी को हल्का क्षतिग्रस्त कर घटना को सड़क हादसा और लूट का रूप देने की कोशिश की। इसके बाद उसने नगर परिषद के कर्मचारियों को अपाचे बाइक सवारों द्वारा हमले की झूठी सूचना दी। घायल अधिकारी को अस्पताल भी ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नहर में तलाशा जा रहा मर्डर वेपन
आईजी विकास वैभव ने बताया कि पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर में फेंकी गई लोहे की रॉड की तलाश कर रही है। जल्द ही हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया जाएगा। मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

पत्नी की शिकायत पर चालक के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
मृतक की पत्नी बबीता कुमारी के आवेदन पर चालक मिथिलेश कुमार और अन्य अज्ञात के खिलाफ बारूण थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि चालक पहले भी उनके पति के आदेशों की अवहेलना करता था। इसी कारण उसे नौकरी से हटाने की बात भी कही गई थी। उन्हें आशंका है कि इसी रंजिश में चालक ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें