बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। लौरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में महज आठ रुपये का लालच देकर एक पांच वर्षीय मासूम के साथ अप्राकृतिक यौनाचार की रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। दरिंदगी की इस घटना के बाद मासूम की हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम गांव के ही 20 वर्षीय युवक विनोद साह पिता गौरीशंकर साह ने एक पांच साल के अबोध बालक को निशाना बनाया। आरोपी ने बच्चे को फुसलाने के लिए उसे आठ रुपये दिए और उसे गांव के समीप 'सरेह' स्थित एक सुनसान बगीचे में ले गया। वहां आरोपी ने मासूमियत का गला घोंटते हुए उसके साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मासूम को घर के पास छोड़कर फरार हो गया। जब बच्चा रोते हुए अपने परिजनों के पास पहुंचा, तो उसकी हालत देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पढ़ें: छपरा में राजकीय सम्मान के साथ मनाई गई मौलाना मजहरूल हक की 159वीं जयंती, सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होता देख पिता उसे तुरंत स्थानीय सीएचसी केंद्र ले गए। डॉ. अफरोज आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद घाव की गंभीरता और लगातार हो रहे रक्तस्राव को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। लौरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद साह को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।इस घटना ने एक बार फिर समाज में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में खिलौने होने चाहिए, वहां चंद रुपयों का लालच देकर उनकी अस्मत से खिलवाड़ करने वाली यह घटना किसी के भी रोंगटे खड़े करने के लिए काफी है।