बिहार के मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपुरा थाने के पास शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है। बताया जा रहा है कि यूपी से 200 किलोमीटर तक कई चेक पोस्ट को चकमा देकर शराब की भारी खेप बिहार लाई गई थी। लेकिन पुलिस ने डिलीवरी के ठिकाने से दो किलोमीटर पहले ब्रहपुरा चौक के पास शराब को जब्त कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर की ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर शराब से लदे हुए ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि यूपी के बलिया जिले से शराब को लादकर तस्करों ने मुजफ्फरपुर में पहुंचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। तस्करों ने ईंट और मिट्टी ढोने में प्रयुक्त ट्रैक्टर ट्रॉली में एक तहखाना बनाकर स्टोर कर रखा था। यही नहीं शराब की इस खेप को बोतल की जगह टेट्रा पैक को स्टोर किया था, ताकि यह टूटे नहीं। शराब के धंधेबाजों ने बॉर्डर पर जांच से बचने के लिए ट्रॉली के आधे हिस्से को टीन की चादर से एक तहखाना बना दिया था, ताकि देखने में यह खाली लगे।
बताया जा रहा है कि तहखाने में करीब छह लाख रुपये की विदेशी शराब की खेप छिपाई गई थी। लेकिन डिलीवरी के ठिकाने से कुछ किलोमीटर पूर्व ब्रह्मपुरा थाना पुलिस द्वारा की जा रही जांच में तस्करी का खुलासा हो गया। इस मामले में यूपी के बलिया जिले के चालक को खदेड़कर पकड़ा गया है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव को लेकर शराब परोसने के लिए शराब के धंधेबाज नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। इस बार हाईवे पर सघन जांच और सीसीटीवी कैमरे से की जा रही निगरानी से बचने के लिए अब तस्कर छोटे-छोटे पैकेट में अवैध शराब को खपाने में लग गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ब्रह्मपुरा थाने से चंद कदम की दूरी पर यूपी के बलिया से विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहे शराब को जब्त किया गया है। शराब की इस खेप को शहर के सिकंदरपुर क्षेत्र में पहुंचाया जाना था। जब्त ट्रैक्टर ट्रॉली के तहखाने में छिपाई गई 52 कार्टन शराब जब्त की गई है। वहीं, ट्रैक्टर ट्रॉली को छोड़ कर भाग रहे आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है, जिसकी पहचान यूपी के बलिया जिले के निवासी कृष्णा कुमार यादव के रूप में की गई है।
इस मामले में ब्रह्मपुरा थाने के SHO सुभाष मुखिया ने बताया कि थाना के सामने से एक ट्रैक्टर गुजर रहा था। जब ट्रैक्टर चालक को रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा। संदेह के आधार पर तब उसे खदेड़कर पकड़ा गया। उसकी तलाशी ली गई तो ट्रॉली की बनावट कुछ अजीब लगी और जब चालक से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसमें अवैध शराब के रखी होने की बात सामने आई। तहखाने को खोलने के बाद उसमें अलग-अलग ब्रांड की टेट्रा पैक के 52 कार्टन करीब 430 लीटर शराब बरामद की गई है। उसकी कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान चालक को भी पकड़ा गया है और पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि शराब को बलिया से सिकंदरपुर में एक ठिकाने पर ले जाया जा रहा था। जिसे छपरा के रास्ते से कई जिलों को पार कर वह आसानी से यहां तक पहुंच गया था। इस दौरान दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है। कारोबारी को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।