बाहुबली मुन्ना शुक्ला पर सीधा हमला
- फोटो : अमर उजाला
जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने सोमवार को लालगंज में सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक और बाहुबली मुन्ना शुक्ला पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालगंज विधानसभा क्षेत्र से एनडीए का जो भी उम्मीदवार होगा, उसे भारी मतों से जिताना है।
संजय सिंह ने कहा कि आज दो धाराओं की लड़ाई है। विकास बनाम विनाश की। 1990 से 2005 तक के दौर को याद कीजिए, जब लालगंज में बड़ी-बड़ी गाड़ियों में राइफल लहराते लोग घूमते थे। लेकिन आज ऐसा दृश्य नहीं देखने को मिलता, क्योंकि 2005 में बिहार को न्याय के साथ विकास का नारा देने वाले नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार पर आज तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा और वे अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि बिहार की 14 करोड़ जनता के लिए जीते हैं।
पढ़ें: सहरसा में फिर सुनसान घर पर हाथ साफ, छह लाख के जेवर और नकदी की चोरी; पुलिस जांच में जुटी
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बिहार को कई सौगातें दीं। दरभंगा एयरपोर्ट शुरू हो चुका है और अब प्रधानमंत्री पूर्णिया में एयरपोर्ट का उद्घाटन करने वाले हैं। सभा में उन्होंने प्रधानमंत्री की दृढ़ नीति का जिक्र करते हुए कहा, “पहलगाम में हमला हुआ था तो प्रधानमंत्री ने साफ कहा था कि जो हमारे पर्यटकों को मारेगा, उसे घर में घुसकर मारेंगे। उन्होंने 56 इंच के सीने का परिचय दिया और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया।”