वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत उफरौल गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उफरौल निवासी रामदयाल के पुत्र प्रतिश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रतिश की शादी तीन साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब 10 दिन पहले उसकी पत्नी एक साल की बेटी को लेकर मायके चली गई थी।
बताया गया कि बीते रविवार को प्रतिश अपनी पत्नी और बेटी से मिलने ससुराल गया था। वहां ससुराल पक्ष और पत्नी ने डायल 112 पर पुलिस को बुला लिया, जिसके बाद दरवाजे पर ही युवक की पिटाई कराई गई। इस घटना से आहत और अपमानित होकर प्रतिश वापस अपने गांव उफरौल लौट आया। परिजनों ने बताया कि घर आने के बाद उसने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पढे़ं: समस्तीपुर में ठंड के 27 साल का रिकॉर्ड टूटा, DM ने 3 जनवरी तक स्कूल बंद करने का दिया आदेश
घटना की सूचना मिलते ही देसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता रामदयाल ने आरोप लगाया कि ससुराल में हुई मारपीट और बेइज्जती से उनका बेटा मानसिक रूप से टूट गया था, इसी कारण उसने यह कदम उठाया। वहीं देसरी थाना के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।