वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी शिक्षिका पत्नी को उसके प्रेमी के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने का दावा किया है। पति का आरोप है कि उसने अपनी पैतृक जमीन बेचकर पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और शिक्षिका बनाया, लेकिन नौकरी लगते ही पत्नी ने उसे और उनके 10 वर्षीय बेटे को छोड़ दिया। मामला सामने आने के बाद इलाके में काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
पति ने सुनाई संघर्ष की कहानी
पीड़ित पति की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। उनकी शादी वर्ष 2013 में हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद उनके बेटे का जन्म हुआ, जो वर्तमान में 10 वर्ष का है। पति ने बताया कि शादी के समय उनकी पत्नी इंटरमीडिएट पास थीं और आगे पढ़ाई कर शिक्षिका बनने का सपना देख रही थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने पत्नी का पूरा सहयोग किया।
पत्नी की पढ़ाई के लिए बेची पैतृक जमीन
पति ने बताया कि वर्ष 2013 में उनकी मां और 2018 में पिता का निधन हो गया था। परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते थे, लेकिन पत्नी की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। इसके बावजूद उसने पत्नी की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने वर्ष 2022 में अपनी पैतृक संपत्ति में हिस्से की डेढ़ कट्ठा जमीन तक बेच दी। इसके बाद पत्नी का ग्रेजुएशन पूरा करवाया और बीएड में दाखिला दिलाया। बीएड पूरा होने के बाद पत्नी ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू की। TRE-1 में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने पत्नी की पढ़ाई नहीं रुकने दी। बाद में जनवरी 2024 में TRE-2 के तहत महिला का चयन कक्षा 6 से 8 तक की शिक्षिका के रूप में हो गया।
ट्रेनिंग के दौरान बढ़ीं नजदीकियां
पति का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद उनकी पत्नी की एक महीने की ट्रेनिंग सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुई थी। इसी दौरान पत्नी के कॉलेज मित्र को भी शिक्षक की नौकरी मिली। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान उनकी नजदीकियां काफी बढ़ गईं और दोनों चोरी-छिपे मिलते थे और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई।
बेटे ने खोला कथित रिश्ते का राज
पति ने बताया कि जब वह सुपौल पहुंचे तो बेटे ने उन्हें बताया कि उनके जाने के बाद एक व्यक्ति घर आता था और कई दिनों तक रुकता था। इसके बाद उन्हें पत्नी और उसके कॉलेज मित्र के बीच संबंध होने का शक हुआ। पति का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया।
दार्जिलिंग ट्रिप को लेकर बढ़ा शक
पति ने आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में उनकी पत्नी ने महिला शिक्षिकाओं के साथ दार्जिलिंग घूमने जाने की बात कही और बेटे को घर ले जाने के लिए कहा। उन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन पत्नी नहीं मानी और उन्हें बेटे के साथ घर लौटना पड़ा। पति के अनुसार, दार्जिलिंग जाने के बाद जब उन्होंने पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की तो बात नहीं हो सकी। बाद में सहकर्मी शिक्षिकाओं से जानकारी मिली कि अन्य महिला शिक्षिकाएं दार्जिलिंग गई ही नहीं थीं। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि पत्नी अपने कॉलेज मित्र के साथ घूमने गई थी।
अलग रहने और केस दर्ज कराने का आरोप
पति का आरोप है कि दार्जिलिंग से लौटने के बाद उनकी पत्नी ने साफ तौर पर उनके साथ रहने से इनकार कर दिया और अपने कॉलेज मित्र के साथ रहने की बात कही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी ने उनसे अलग रहने के लिए उन पर झूठे आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। वह पिछले एक साल से अपने बेटे के साथ अकेले रह रहे हैं। बेटे की पढ़ाई और भविष्य को देखते हुए उसे हॉस्टल में रखा है।
किराए के मकान में पकड़ने का दावा
पति ने बताया कि 23 मई को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी हाजीपुर के लिच्छवी नगर स्थित किराए के मकान में अपने कॉलेज मित्र के साथ रह रही है। इसके बाद वह वहां पहुंचे और दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखा। पति के मुताबिक, उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर डायल-112 पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने में देर हो गई। इस दौरान स्थानीय लोग और मकान मालिक वहां पहुंच गए और दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला। पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पति ने दावा किया कि घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसमें उनकी पत्नी पुलिसकर्मियों से बहस करती दिखाई दे रही हैं।
बेटे ने मां के साथ जाने से किया इनकार
इस पूरे मामले में दंपति के 10 वर्षीय बेटे ने भी मां के साथ जाने से इनकार कर दिया। बच्चे ने आरोप लगाया कि सुपौल में रहने के दौरान एक व्यक्ति अक्सर घर आता था और उसकी मां उसे उस व्यक्ति को 'मामा' बताने के लिए कहती थीं। बेटे ने कहा कि जब उसने इस बात की शिकायत अपने पिता से की तो उसकी मां उसे डांटती और मारती थीं। बच्चे ने यह भी कहा कि अब वह अपनी मां के साथ नहीं रहना चाहता है क्योंकि उसकी मां बहुत बुरी है।
ये भी पढ़ें:
13 साल की नौकरी में करोड़ों की संपत्ति! BDO के घर EOU रेड में खुला राज; नौ घंटे तक चली छापेमारी
पुलिस और कोर्ट में चल रहा मामला
पति ने बताया कि पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के खिलाफ उन्होंने अदालत में अपने पक्ष के सभी साक्ष्य पेश किए हैं। फिलहाल मामला पुलिस और न्यायालय में विचाराधीन है।