मोतिहारी में फर्जीवाड़े का एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 'सोनालिका ट्रैक्टर' के नाम से निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया, जिसमें भोजपुरी फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री मोनालिसा की तस्वीर लगाई गई थी। हैरानी की बात यह रही कि आवेदक के पिता का नाम 'स्वराज ट्रैक्टर' और माता का नाम 'कार देवी' दर्ज किया गया था।
जानकारी मिलते ही कोटवा अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आवेदन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किया गया था। अंचलाधिकारी ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कोटवा थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने इसे साइबर फ्रॉड और सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ का गंभीर मामला मानते हुए आरोपी के आईपी एड्रेस की जांच शुरू कर दी है। मामले में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इस फर्जीवाड़े में शामिल कर्मियों, विशेषकर डेटा एंट्री ऑपरेटरों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें: किशनगंज में भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला, जमीन विवाद में सुपारी से हत्या का आरोप; 6 हिरासत में
गौरतलब है कि इससे पहले पटना में 'डॉग बाबू' के नाम पर फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनाए जाने का मामला सामने आया था। अब मोतिहारी में हुई यह घटना राज्य की प्रशासनिक प्रक्रियाओं और दस्तावेज सत्यापन प्रणाली में मौजूद खामियों को उजागर करती है।
फिलहाल पुलिस ने आवेदक की पहचान कर ली है और जल्द ही उसे हिरासत में लेने की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सरकारी सिस्टम में मौजूद तकनीकी और मानव संसाधन की लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है।