औराई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रमा निषाद
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कई बड़े बदलाव किए हैं। मुजफ्फरपुर जिले की चर्चित औराई विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक रामसूरत राय का टिकट काटकर पार्टी ने रमा निषाद को उम्मीदवार बनाया है। यह फैसला न केवल क्षेत्रीय राजनीति के लिए बल्कि भाजपा के भीतर भी एक नए प्रयोग के रूप में देखा जा रहा है।
निषाद परिवार से गहराई से जुड़ी रमा निषाद
रमा निषाद भाजपा के दिग्गज नेता और मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र से दो बार सांसद रह चुके अजय निषाद की पत्नी हैं। इसके साथ ही वह जेडीयू के पूर्व कद्दावर नेता और निषाद समुदाय के शीर्ष नेताओं में गिने जाने वाले कैप्टन जयनारायण निषाद की बहू हैं। रमा निषाद पहले हाजीपुर नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं और नगर निकाय चुनाव में उन्होंने जोरदार मुकाबला किया था, हालांकि उन्हें उस चुनाव में अपने ही रिश्तेदार से हार का सामना करना पड़ा था।
लंबे समय से सक्रिय हैं राजनीति में
रमा निषाद को राजनीति की गहरी समझ और संगठन में अनुभव रखने वाली महिला नेता माना जाता है। अपने पति अजय निषाद के चुनाव अभियानों में उन्होंने हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छवि जमीन से जुड़ी नेता की रही है, जो लगातार जनता के बीच संवाद बनाए रखती हैं। यही वजह है कि भाजपा नेतृत्व ने उन्हें औराई से उम्मीदवार बनाकर नया राजनीतिक दांव खेला है।
यह भी पढ़ें- Bihar Assembly Elections 2025: इंतजार खत्म, भाजपा ने पहली सूची में जारी किए 71 उम्मीदवारों के नाम, यहां देखें
परिवार की राजनीतिक विरासत और पार्टी का भरोसा
रमा निषाद का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके ससुर कैप्टन जयनारायण निषाद निषाद समुदाय के मजबूत जनाधार वाले नेता माने जाते थे। बताया जाता है कि वे अपनी बहू रमा निषाद को अपने बेटे से भी ज्यादा राजनीतिक रूप से सक्षम मानते थे। अजय निषाद के कांग्रेस में जाने के बाद अब उनकी भाजपा में घर वापसी हुई है और पार्टी ने इस मौके पर परिवार के इस मजबूत चेहरों में से रमा निषाद को उम्मीदवार बनाकर नया भरोसा जताया है।
भाजपा का ‘नई संभावनाओं’ पर दांव
औराई विधानसभा से रमा निषाद को टिकट देकर भाजपा ने यह संकेत दिया है कि पार्टी अब नए और अनुभवी चेहरों पर भरोसा दिखा रही है। रमा निषाद को निषाद समुदाय के साथ-साथ महिला मतदाताओं के बीच भी प्रभावशाली माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि यह राजनीतिक प्रयोग कितना सफल साबित होता है और क्या रमा निषाद भाजपा के लिए नया जनाधार तैयार कर पाती हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar Election 2025 : जीतन राम मांझी NDA के दो प्रत्याशियों के खिलाफ उतारेंगे प्रत्याशी; वजह भी बताई