पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, मंत्री अशोक चौधरी और मंत्री शीला मंडल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में मोदी-नीतीश की लहर है और विपक्षी दलों में खलबली मची हुई है।
बिहार में एनडीए ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र के मड़वन हाई स्कूल मैदान में शनिवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बीजेपी-जेडीयू के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इस मौके पर मंत्रियों और नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया और दावा किया कि पूरे बिहार में एनडीए की लहर दौड़ रही है।
विज्ञापन
सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, जेडीयू के वरिष्ठ नेता व ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी और बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल मौजूद रहीं। नेताओं ने कहा कि कांटी से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करेगा। शाहनवाज हुसैन ने नारा दिया, “आएगा एनडीए, छाएगा एनडीए और जीतेगा एनडीए”। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लहर है, जिससे विपक्षी दलों में खलबली मची हुई है।
अशोक चौधरी ने कहा कि एनडीए की टीमें अब हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को एकजुट करेंगी और 243 सीटों पर ताकत दिखाएंगी। वहीं शीला मंडल ने सभा में उमड़ी भीड़ को जनता के विश्वास की मिसाल बताया और कहा कि नीतीश कुमार पर लोगों का भरोसा अटूट है। सभा में हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी और इस दौरान टिकट के दावेदारों ने भी अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि एनडीए का मकसद सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर विपक्ष को हराना है।