पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज स्थित शिकारपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने गांव के ही युवक पर ब्लैकमेल कर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर बेरहमी से बेल्ट से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने शिकारपुर थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पति के बाहर रहने का उठाया फायदा
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि उसके पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। इसी दौरान करीब तीन वर्ष पहले गांव के ही गुलाब मियां ने उसे अपने झांसे में ले लिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने धीरे-धीरे उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। दो वर्ष पहले जब इस बात की जानकारी उसके पति को हुई, तब पीड़िता ने आरोपी से दूरी बना ली। लेकिन इसके बाद आरोपी ने उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर उसे लगातार डराया-धमकाया और जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा।
देर रात घर में घुसकर किया दुष्कर्म का प्रयास
पीड़िता के अनुसार, बीते 17 मई की रात करीब 12:30 बजे उसके घर का दरवाजा खटखटाया गया। महिला ने अपनी गोतनी समझकर जैसे ही दरवाजा खोला, आरोपी गुलाब मियां जबरन अंदर घुस आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया, तो आरोपी ने अपनी कमर से बेल्ट निकालकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
देवर पहुंचा तो आरोपी खिड़की से भागा
पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर उसका देवर ललन यादव मौके पर पहुंचा। उसने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उस पर भी हमला कर खिड़की के रास्ते फरार हो गया। घटना के बाद देवर ने फोन कर महिला के पति को गोरखपुर से बुलाया। पति के घर पहुंचने के बाद पूरा परिवार शिकायत दर्ज कराने थाना जा रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में रोककर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें-
Bihar: मकई सुखाने को लेकर खूनी संघर्ष, दबंगों ने किसान को घेरकर चाकू से गोदा; मौके पर हुई दर्दनाक मौत
डरे-सहमे परिवार ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने बताया कि आरोपी की धमकी से पूरा परिवार भयभीत है। इसके बावजूद वे लोग छिपते-छुपाते शिकारपुर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।