फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: विवादित जमीन की अवैध जमाबंदी का मामला, पूर्व सीओ और राजस्व कर्मचारी समेत कई पर एक और प्राथमिकी

Mon, 23 Nov 2026 09:46 AM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुज्जफरपुर

सार

विवादित जमीन की अवैध जमाबंदी और गलत लगान रसीद जारी करने के मामले में पूर्व अंचलाधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ल और राजस्व कर्मचारी करुण करण समेत अन्य के खिलाफ नगर थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

विज्ञापन
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विवादित भूमि की अवैध रूप से जमाबंदी कायम करने और गलत लगान रसीद जारी करने के मामले में अंचल के पूर्व अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जमीन फर्जीवाड़े के आरोपी तत्कालीन अंचलाधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ल और तत्कालीन राजस्व कर्मचारी करुण करण के खिलाफ नगर थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज हुई है।

जमानत पर बाहर चल रहे दोनों आरोपियों पर जिलाधिकारी को गलत सूचना देकर गुमराह करने का भी गंभीर आरोप है। मिठनपुरा के चर्च रोड निवासी पंकज कुमार के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने तत्कालीन अंचलाधिकारी, राजस्व कर्मचारी, मीना कुमारी तथा अन्य लोगों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

अदालत में लंबित वाद के बावजूद शुद्धि पत्र

विज्ञापन

पीड़ित पंकज कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके दिवंगत पिता कामदेव मंडल की स्वअर्जित जमीन पर संयुक्त परिवार का मकान बना है। इस भूमि और मकान के स्वामित्व को लेकर सिविल कोर्ट में स्वत्व वाद लंबित चल रहा है। इसके अलावा भूमि सुधार उप समाहर्ता पूर्वी के न्यायालय में भी दाखिला-खारिज से जुड़ा अपील वाद विचाराधीन है। इसके बावजूद अधिकारियों ने मिलीभगत कर 6 दिसंबर, 2025 को म्यूटेशन वाद में नियम विरुद्ध शुद्धि पत्र निर्गत कर दिया। इसी शुद्धि पत्र के आधार पर मीना कुमारी के नाम जमाबंदी दर्ज कर 4 अप्रैलको लगान रसीद काट दी गई। इससे पूर्व मीना कुमारी की ओर से प्रस्तुत दो म्यूटेशन आवेदनों को खारिज किया जा चुका था।

जिलाधिकारी को भेजा भ्रामक जांच प्रतिवेदन
मामले में हुई गंभीर धांधली को लेकर शिकायतकर्ता के बड़े भाई केशव कुमार ने 17 जुलाई को जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद तत्कालीन अंचलाधिकारी ने 6 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी को भेजे गए अपने जांच प्रतिवेदन में इस म्यूटेशन वाद को आदेश के लिए प्रक्रियाधीन बताया। जबकि सच यह था कि प्रतिवेदन भेजने से कई महीने पहले ही शुद्धि पत्र जारी करके अवैध जमाबंदी और रसीद निर्गत करने की पूरी प्रक्रिया की जा चुकी थी। इस प्रकार प्रशासनिक पद का अनुचित लाभ उठाते हुए उच्चाधिकारियों को अंधेरे में रखा गया।

पद का दुरुपयोग और पुलिस की कार्रवाई

विज्ञापन

आवेदक ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वास्तविक तथ्यों को छिपाने की सुनियोजित साजिश रची, ताकि दूसरे पक्ष को अनुचित लाभ पहुंचाया जा सके। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर सभी दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। नगर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला पंजीकृत कर लिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें