मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज के ई-मेल पर धमकी भेजी गई है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट खाली कराया गया।
सिविल कोर्ट मुजफ्फरपुर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा मेल भेजा गया था। मेल मिलने के बाद जिला एवं प्रधान न्यायाधीश ने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी मुजफ्फरपुर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हैं और कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।
एहतियातन कार्यवाही स्थगित
इस धमकी के मद्देनजर सभी न्यायाधीशों ने एहतियातन अपने-अपने न्यायालयों की कार्यवाही स्थगित कर दी और कोर्ट को बंद कर दिया गया। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।