वैशाली जिले की एमी सिन्हा ने बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में साइंस संकाय में 92.8% अंक हासिल कर जिले के टॉप-10 में स्थान बनाया। बिदुपुर की रहने वाली एमी ने अपनी सफलता का श्रेय मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी, नियमित पढ़ाई और परिवार के सहयोग को दिया।
वैशाली जिले की बेटियों ने एक बार फिर इंटरमीडिएट परीक्षा में अपना परचम लहराया है। जिले के बिदुपुर प्रखंड की छात्रा एमी सिन्हा ने साइंस में 92.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले के टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। बिदुपुर पुरानी बाजार निवासी एमी ने अपनी सफलता का श्रेय मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने को दिया है। वह बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं और अब डॉक्टर बनकर अपने परिवार का सपना पूरा करने के लिए मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।
विज्ञापन
परिवार का सहयोग
एमी के पिता संजय कुमार सिन्हा पेशे से व्यवसायी हैं और उन्होंने केमिस्ट्री ऑनर्स से ग्रेजुएशन किया है। उनकी माता अन्नू प्रिया गृहिणी हैं और वे भी ग्रेजुएट हैं। घर के काम के साथ-साथ वह बच्चों की पढ़ाई में भी मार्गदर्शन करती थीं। एमी का एक छोटा भाई आशीष सिन्हा है, जो नौवीं कक्षा का छात्र है और सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक की तैयारी कर रहा है।
पढ़ाई का सफर
एमी की शुरुआती पढ़ाई किड्स इंटरनेशनल कंचनपुर, बिदुपुर से नर्सरी से यूकेजी तक हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 1 से 3 तक आदित्य टैलेंट स्कूल, हाजीपुर में पढ़ाई की। कक्षा 4 से 8 तक इंडियन पब्लिक स्कूल, अजमतपुर में पढ़ने के बाद उन्होंने गुरुकुल विद्यापीठ, नवादा से कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई पूरी की।
सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक परीक्षा में एमी ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। मैट्रिक के बाद उन्होंने बिहार बोर्ड से इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए संत कबीर महंत राम दयाल दास महाविद्यालय, बिदुपुर बाजार में दाखिला लिया। एमी अपनी पिछली सभी कक्षाओं में टॉपर रही हैं और बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। वर्तमान में एमी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना है कि वह डॉक्टर बनकर अपने परिवार का सपना पूरा करें।
साल 2025 में बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में वैशाली जिले ने शानदार प्रदर्शन किया था। रोशनी कुमारी (कॉमर्स) और अंकिता कुमारी (आर्ट्स) ने राज्य स्तर पर टॉप किया था। आर्ट्स में अंकिता कुमारी ने 473 अंक (94.6%) और कॉमर्स में रोशनी कुमारी ने 475 अंक (95.1%) हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था।