जब्त किया गया प्रतिबंधित विदेशी माल
- फोटो : अमर उजाला
रक्सौल स्टेशन पर रविवार सुबह रेल सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेल पुलिस (GRP) और कस्टम विभाग के संयुक्त अभियान में दो करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक कीमत की प्रतिबंधित विदेशी वस्तुएं बरामद की गईं। यह कार्रवाई गाड़ी संख्या 15273 रक्सौल-आनंद विहार सत्याग्रह एक्सप्रेस के पार्सल कोच (एसएलआर) की जांच के दौरान की गई। जब्त किए गए सामानों में 6598 डिस्पोजेबल आई पॉड डिवाइस शामिल हैं, जो नेपाल से भारत लाए गए प्रतिबंधित विदेशी माल हैं।
सुबह प्लेटफार्म पर शुरू हुआ अभियान
जानकारी के मुताबिक, यह अभियान रविवार सुबह करीब 8:35 बजे रक्सौल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शुरू हुआ। सत्याग्रह एक्सप्रेस के एसएलआर कोच में संदेहास्पद पैकेट पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल स्टेशन पर उतार लिया गया। जांच के लिए कोच से आठ बड़े पैकेट निकाले गए।
जीआरपी थाना पर खोला गया प्रतिबंधित माल
रेल सुरक्षा बल, राजकीय रेल पुलिस और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने इन आठ पैकेटों को जीआरपी थाना रक्सौल लाई। जहां पैकेटों को खोलकर उनकी सामग्री की जांच की गई। जांच में इनमें से 6598 अदद प्रतिबंधित डिस्पोजेबल पॉड डिवाइस पाए गए। इन वस्तुओं को तुरंत जब्त कर लिया गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.63 करोड़
जब्त की गई सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2,63,02,600 रुपये है। बताया जा रहा है कि यह प्रतिबंधित सामग्री नेपाल से भारत में तस्करी कर लाई जा रही थी। तस्करों ने इन सामानों को सत्याग्रह एक्सप्रेस के एसएलआर कोच के पार्सल डिब्बे में छिपाकर रखा था।
तस्करी रोकने में बड़ी उपलब्धि
यह अभियान तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने इसे तस्करों पर लगाम लगाने के लिए बड़ा कदम बताया है। इस कार्रवाई ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रतिबंधित विदेशी वस्तुओं की तस्करी पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है।
आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में कस्टम और जीआरपी की टीमें आगे की जांच में जुट गई हैं। संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह तस्करी का माल कहां से आया और इसे कहां भेजा जा रहा था। संभावना है कि आने वाले दिनों में तस्करों के नेटवर्क का भंडाफोड़ हो सकता है।