मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमले और आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बहुअरवा गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी एकत्रित हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान रीठा महतो नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर जाने लगी, वहां मौजूद लोगों की भीड़ आक्रोशित हो गई। पहले पुलिस और भीड़ के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और जबरन आरोपी को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेकर पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली।