बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में थाने में कार्यरत जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात को जवान अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के बसरा चौक के पास की बताई जा रही है।
मृतक जिला के सरैया अनुमंडल क्षेत्र के जैतपुर थाने में बतौर चौकीदार के रूप में दो वर्ष से कार्यरत था। मृतक की पहचान रूपेश कुमार (22) के रूप में हुई है। वह देर रात को थाने से ड्यूटी करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप में घायल हो गया। उसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रूपेश रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी खत्म करके बाइक से बेरुआ पंचायत के तिलबिहटा गांव स्थित अपने घर जाया करता था। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग में दुख का माहौल बन गया। वहीं, परिजनों में रूपेश की मौत की जानकारी के बाद मातम छा गया।
सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में जैतपुर थाने में कार्यरत चौकीदार रूपेश की मौत हो गई है। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभागीय संबंधी कार्रवाई की जा रही है। मृतक रूपेश के परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी।