पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया से ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर शव का शिनाख्त हुई है। घटना जिले के नरकटियागंज-सुगौली रेलखंड स्थित बेतिया रेलवे स्टेशन के पास पिलर संख्या 209/12 के पास की है। वहीं, मृतक की पहचान मनुआपुल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी संजय पांडेय (38) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक के बेटे जसवंत ने बताया कि उसके पिता शुक्रवार की शाम घर से निकले थे। लेकिन वह घर को वापस नहीं आए। काफी खोजबीन करने के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। फिर शनिवार की दोपहर पता चला कि उनकी मौत ट्रेन से कटने से हो गई है। वहीं, घटना का पता चलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने जीआरपी पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे जीआरपी के सुनील कुमार, रोहित कुमार यादव सहित पुलिस बल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के जरिए शिनाख्त के बाद शव की पहचान हुई।
इधर, जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश पंडित ने बताया कि घटना शनिवार दोपहर की है। उन्होंने बताया कि शव की शिनाख्त कर ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि दोपहर में बेतिया से मालगाड़ी नरकटियागंज की ओर जा रही थी। उसी की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।